न्यूज 127, रुड़की।
शिक्षा नगरी रुड़की में देह व्यापार के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल में छापेमारी कर तीन महिलाओं और एक होमगार्ड जवान को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी को कोतवाली ले आई, जहां पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने देर शाम होटल में दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से होटल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और एक होमगार्ड जवान को पकड़ा। मामले में होमगार्ड जवान की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोडवेज बस स्टैंड से शताब्दी द्वार तक का क्षेत्र लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। आरोप है कि सुबह से ही इस इलाके में संदिग्ध महिलाओं की आवाजाही शुरू हो जाती है। कुछ ई-रिक्शा चालकों की भूमिका भी सवालों के घेरे में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि ये चालक ग्राहकों को महिलाओं तक पहुंचाने और होटलों तक ले जाने में मदद करते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
गौरतलब है कि सिविल लाइन कोतवाली पुलिस पूर्व में भी इस क्षेत्र में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद कथित तौर पर ऐसी गतिविधियां दोबारा संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने पूरे नेटवर्क की जांच करने के साथ ही संबंधित होटल संचालकों और कथित तौर पर इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की है।


