पार्षद सुमित त्यागी पारिवारिक विवाद में फंसे, पत्नी और सास से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज




Listen to this article

हरिद्वार।
कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर राजा गार्डन के पार्षद सुमित त्यागी पारिवारिक विवाद में फंस गए है। सुमित पर अपनी पत्नी, सास और साली के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि पत्नी को बचाने पहुंची सास के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया, जबकि बीच-बचाव करने आई साली के पेट पर लात मारकर उसे घायल कर दिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर कनखल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बालाजीपुरम कॉलोनी जगजीतपुर निवासी नूतन त्यागी ने बताया कि उनकी बेटी साक्षी त्यागी का विवाह 11 मई 2026 को राजा गार्डन, जगजीतपुर निवासी पार्षद सुमित त्यागी के साथ हुआ था। आरोप है कि 14 नवंबर की सुबह करीब दस बजे साक्षी ने फोन कर रोते हुए अपनी मां से मदद मांगी। उसने कहा कि उसे बचा लो, उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी जान को खतरा है।

बेटी की पुकार सुनकर नूतन अपनी बड़ी बेटी सिमरन त्यागी के साथ सुमित के घर पहुंचीं। उनके अनुसार, मौके पर पहले से पुलिस मौजूद थी। नूतन ने साक्षी की सास मीना त्यागी से बैठकर शांतिपूर्वक बातचीत करने का आग्रह किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने साक्षी को धक्का देकर घर से बाहर गिरा दिया और उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

लोहे की रॉड से हमले में मां का सिर फटा

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसका विरोध करने पर सुमित त्यागी ने नूतन के साथ अभद्रता करते हुए उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। मां को बचाने पहुंची सिमरन के पेट पर साक्षी के देवर केतन त्यागी ने लात मार दी, जिससे वह भी गिरकर घायल हो गई।

वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, साक्षी घटना की मोबाइल से वीडियो बना रही थी। इसी दौरान सुमित ने उस पर भी लोहे की रॉड से हमला किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोप है कि वीडियो कहीं प्रसारित करने पर पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी गई। खुद को क्षेत्र का पार्षद बताते हुए गोली मरवाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

नूतन के अनुसार, वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर किसी तरह वहां से निकलीं और जगजीतपुर चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां नूतन, साक्षी और सिमरन की चोटों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
कनखल थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक अनुज सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।