मेरठ पुलिस ने CEIR पोर्टल से 52 लाख के 221 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए, मालिकों को लौटाए




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
मेरठ पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से करीब 52 लाख रुपये कीमत के 221 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है। गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने ये सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए। खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए ये मोबाइल फोन केवल मेरठ से ही नहीं, बल्कि अन्य जिलों और दूसरे राज्यों से भी ट्रेस करके वापस लाए गए हैं। इस अभियान में जिले के सभी थानों और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीमों ने समन्वय के साथ काम किया और लगातार तकनीकी व जमीनी स्तर पर प्रयास किए।

बरामदगी के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक 78 गुमशुदा मोबाइल फोन सर्विलांस सेल ने बरामद किए। इसके अलावा लिसाड़ी गेट पुलिस ने 27 और कंकरखेड़ा पुलिस ने 12 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए, जबकि अन्य थानों की टीमों ने भी शेष मोबाइल बरामद करने में योगदान दिया।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सभी मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपते हुए पुलिस टीमों के प्रयासों की सराहना की। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते डिवाइस को ब्लॉक कर ट्रेस किया जा सके।