न्यूज 127, हरिद्वार।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर के विद्यार्थियों ने ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। भारत विकास परिषद की पंचपुरी शाखा, उत्तराखंड पश्चिम (विकास रत्न) की ओर से आयोजित शाखा स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने जूनियर और सीनियर, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में हरिद्वार के आठ विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।
जूनियर वर्ग में कक्षा सात के नकुल अरोड़ा और अथर्व चौहान ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, सीनियर वर्ग में कक्षा नौ की समीक्षा गौर और कक्षा 12 के अथर्व शर्मा ने बाजी मारी। दोनों वर्गों में जीत के साथ ही विद्यालय की टीमें आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल के निर्देशन और प्रतियोगिता की मार्गदर्शक नवदीप कौर छाबड़ा के निरंतर सहयोग से विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की। प्रधानाचार्य ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव, भारतीय संस्कृति और देश की समृद्ध विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


