प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा




Listen to this article

‘मिर्ची केक’ के लिए अविशेष झा को मिला प्रथम पुरस्कार, पांच लाख रुपये की नकद राशि से सम्मानित

News127, नई दिल्ली/पणजी।
प्रसार भारती ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की। पणजी स्थित कला अकादमी में आयोजित समारोह में अविशेष झा को उनकी पटकथा ‘मिर्ची केक’ के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें पांच लाख रुपये की नकद राशि दी गई।

प्रतियोगिता में ‘संहार’ पटकथा के लिए सत्य व्यास ने दूसरा स्थान हासिल किया और उन्हें तीन लाख रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं, ‘शरद पूर्णिमा’ के लिए जितेश ठाकुर को तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें दो लाख रुपये की नकद राशि दी गई।

प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी की परिकल्पना पर आधारित इस पहल का उद्देश्य देशभर के उभरते लेखकों को अपनी मौलिक कहानियां प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इसके तहत फीचर फिल्म, वृत्तचित्र और लघु फिल्म की श्रेणियों में दस भारतीय भाषाओं की पटकथाएं आमंत्रित की गई थीं। पहल को व्यापक प्रतिक्रिया मिली और घोषणा के महज दस दिनों के भीतर करीब एक हजार पटकथाएं प्राप्त हुईं।

पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह मौजूद रहे। पृथुल कुमार ने कहा कि युवा भारत की रचनात्मक क्षमता को पहचानना और नई पीढ़ी की कहानियों को सामने लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पटकथा लेखन फिल्म निर्माण की पहली और महत्वपूर्ण कड़ी है। एक आकर्षक पटकथा और सशक्त कहानी ही सफल फिल्म की बुनियाद होती है।

दूरदर्शन की महानिदेशक रीना सोनोवाल कौली ने स्वागत भाषण में कहा कि ‘पेज से पिच तक’ जैसी पहल भारत की भाषाई और रचनात्मक विविधता को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे नए लेखकों को अपने मौलिक विचार राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

पटकथा पिचिंग सत्र में चयनित दस प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित जूरी के समक्ष अपनी कहानियां प्रस्तुत कीं। जूरी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज जोशी, लेखक एवं स्वतंत्र शोधकर्ता संदीप बालकृष्ण, फिल्मकार एवं संपादक श्रीनारायण सिंह तथा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पत्रकार और फिल्म समीक्षक अनंत विजय शामिल रहे।

प्रतियोगिता में चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये के विशेष उल्लेख पुरस्कार दिए गए। सातवें से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र तथा शीर्ष 30 चयनित लेखकों को भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उभरते कहानीकारों और फिल्म उद्योग के बीच संवाद एवं सहयोग का अवसर तैयार करना है। प्रसार भारती इसे वार्षिक पहल के रूप में आगे बढ़ाएगा, ताकि प्रतिभाशाली लेखकों की मौलिक पटकथाओं को फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों के रूप में पर्दे तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।