आस्था के सैलाब से जाम में फंस गया शहर, व्यवस्थाएं हुई ध्वस्त




Listen to this article

नवीन चौहान.
सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब के आगे पुलिस प्रशासन की सभी व्यवस्थाएं बौनी पड़ गई। शहर की सभी मुख्य सड़कों पर वाहन जाम में फंसे रहे।

पुलिस प्रशासन को भीड़ की उम्मीद तो थी लेकिन इतनी भीड़ होगी इसकी उम्मीद नहीं थी। श्रद्धालुओं की भीड़ आने की संभावना के चलते एडीजी लॉ एंड आर्डर स्वयं रविवार को हरिद्वार पहुंचे थे और उन्होंने अधिकारियों के साथ मीटिंग की थी।

शहर में जाम न लगे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए यातायात डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया था। बावजूद इसके शहर में जाम लगा रहा।

जाम की स्थिति सुबह से ही शुरू हो गई जो दोपहर तक भी जारी रही। टोल प्लाजा पर भी जाम लगा रहा। चंडीघाट पुल हो या फिर सिंह द्वार सभी पर जाम की स्थिति रही।

कनखल जाने वाले रास्ते पर भी जाम लगा रहा। जाम की वजह से स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन के मुताबिक दोपहर दो बजे तक करीब 29 लाख 99 हजार लोगों ने मां गंगा में स्नान किया।