न्याय के देवता गोल्जू–गोलू की सेम मुखेम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब








Listen to this article

न्यूज 127. नई टिहरी, उत्तराखंड।
न्याय के देवता गोल्जू एवं गोलू देवता की पावन यात्रा जब सेम मुखेम पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। देवभूमि उत्तराखंड की इस दिव्य परंपरा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर समिति के प्रबंधक विजय पोखरियाल के आमंत्रण पर देवी सिंह पंवार अपने नाती ध्रुव के साथ रिगांल धार मुखेम मार्केट पहुंचे। यहां देवता के स्वागत के लिए सैकड़ों श्रद्धालु पहले से मौजूद थे। जैसे ही यात्रा पहुंची, ढोल-दमाऊ, तूरी और रणसिंगा की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस पवित्र यात्रा का संयोजन विजय भट्ट के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन में यात्रा सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने देवता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। विशेष क्षण तब आया जब देवता ने राज्य आंदोलनकारी समाजसेवी देवी सिंह पंवार को स्नेहपूर्वक गले लगाकर आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर देवी सिंह पंवार ने उत्तराखंड को शराब मुक्त बनाने हेतु एक ज्ञापन देवता के चरणों में अर्पित किया। देवी सिंह पंवार ने बताया कि देवता ने स्पष्ट शब्दों में आपका समर्थन करते हुए कहा— “मैं आपके साथ हूं, ऐसा होना चाहिए।” यह आपके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए एक प्रेरणादायक और ऐतिहासिक क्षण बन गया।

देवी सिंह पंवार ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि देवताओं के आशीर्वाद और नांगराजा के आदेश से उत्तराखंड निश्चित रूप से नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ेगा। यात्रा के दौरान इनकी मुलाकात पूर्व विधायक लाखीराम जोशी सहित कई गणमान्य लोगों से भी हुई, जिन्होंने इस धार्मिक आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। गोलू देवता, जिनका प्रमुख धाम अल्मोड़ा के चितई में स्थित है, वर्तमान में पूरे उत्तराखंड के न्याय के देवता के रूप में जाने जाते हैं।