यूनीपोल घोटाले में करोड़ों की रिकवरी अटकी, अशोक शर्मा ने अधिकारियों को घेरा




Listen to this article

पूर्व सभासद और कांग्रेस पार्षदों ने मुख्य नगर आयुक्त से की मुलाकात
News127, हरिद्वार
नगर निगम में यूनीपोल के नाम पर कथित अनियमितताओं और करोड़ों रुपये की रिकवरी नहीं होने का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि नगर निगम को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई अब तक क्यों नहीं कराई गई। उन्होंने कांग्रेस पार्षदों के साथ मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार से मुलाकात कर इस मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि यूनीपोल लगाने वाली कंपनी ने नगर निगम को कम संख्या दर्शाकर वास्तविकता में अधिक यूनीपोल लगाए, जिससे निगम को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में यूनीपोल की कभी पारदर्शी तरीके से गिनती तक नहीं कराई गई। स्थिति यह है कि जिन यूनीपोल का टेंडर समाप्त हो चुका है, उन पर भी विज्ञापन प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में करोड़ों रुपये की रिकवरी बकाया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने में ढिलाई बरत रहे हैं। नई टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इसके चलते कई नए इच्छुक लोग भी प्रक्रिया में प्रतिभाग नहीं कर सके। उन्होंने निगम प्रशासन से यूनीपोल की निष्पक्ष गणना कराने, बकाया धनराशि की वसूली करने और पूरे प्रकरण की जवाबदेही तय करने की मांग की।

वहीं, कांग्रेस पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाते हुए विकास कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वार्डों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। आंतरिक सड़कें और नालियां क्षतिग्रस्त हैं, जबकि टेंडर प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। सड़कों पर चूहों द्वारा किए गए गड्ढों से भी स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

कांग्रेस पार्षदों ने नगर आयुक्त से वार्डों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने और लंबित विकास कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।

मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि संबंधित कंपनी से रिकवरी की कार्रवाई चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही वार्डों में विकास कार्य भी शुरू कराए जाएंगे।

इस दौरान पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, सुनील कुमार, नोमान अंसारी, मयंक सिंह, हाजी शहाबुद्दीन सहित अन्य मौजूद रहे।