न्यूज 127.
उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) ने शनिवार को कक्षा 10 और कक्षा 12 के नतीजे घोषित कर दिये। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए प्रदेश में टॉप करने वाले छात्र छात्राओं की सूची जारी की।
घोषित किये गए परिणामों में 10वीं में रामनगर के एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोयल ने 500 में से 491 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में प्रथम स्थान पाया है। वहीं, इंटरमीडिएट में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतका पंत और भानजुराम इंटर कॉलेज यूएस नगर के सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप से 500 में से 490 अंक लाकर प्रदेश में टॉप किया।
इन छात्रों ने किया टॉप
हाईस्कूल में प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में अक्षत गोपाल ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज रामनगर, नैनीताल के अक्षत ने 98.20 फीसदी अंक (500 में से 491) हासिल किए। इशांत कोठारी (एस.वी.एम. इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी) और भूमिका (जी.बी. पंत रा.इ.का. खैरना, नैनीताल) ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों ने 98.00 फीसदी अंक (500 में से 490) हासिल किए। भूमिका ने बालिकाओं की श्रेष्ठता सूची में भी सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। योगेश जोशी (विवेकानंद वी.एम. इंटर कॉलेज मंडलसेरा, बागेश्वर) ने 97.80 फीसदी अंक (500 में से 489) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लड़कियों का रहा शानदार प्रदर्शन
जारी रिजल्ट में लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुल सम्मिलित परीक्षार्थियों में 92.10% छात्र पास हुए हैं। बालिकाओं का पास प्रतिशत 96.07 फीसदी रहा, जबकि बालकों का 88.03 फीसदी। कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 सम्मिलित हुए और 1,00,373 उत्तीर्ण हुए।




