News 127, meerut (jojo) । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पल्लवपुरम थाना पुलिस ने सोमवार को एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान ललसाना चौराहे से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रियांशु (20) निवासी भगवानपुर, दक्ष (18) निवासी लावड़, आदित्य सैनी (19) निवासी लावड़ और विराज (18) निवासी भगवानपुर (थाना इंचौली, मेरठ) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान आरोपियों को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा गया। तलाशी में प्रियांशु और दक्ष के पास से 315 बोर के दो तमंचे व दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर एनसी कॉलोनी स्थित खंडहरनुमा मकान से 15 अन्य चोरी की बाइकें बरामद की गईं।
कई जिलों से चुराते थे बाइकें पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह बनाकर मेरठ (पल्लवपुरम, दौराला), मुजफ्फरनगर (खतौली) और सहारनपुर (देवबंद) क्षेत्र से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद मोटरसाइकिलों में से कई पूर्व में दर्ज मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2)/317(5) और संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 की बढ़ोतरी की है। साथ ही अवैध असलहा मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।


