कुंभ मेला-2027: कार्यों में तेजी लाने के लिए अब रात में भी कराया जाएगा काम




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत संचालित अवस्थापना विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। सोमवार को सीसीआर में कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने संसाधन बढ़ाकर बड़ी परियोजनाओं में रात की पाली (नाइट शिफ्ट) में भी काम कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की प्रगति की अब चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। रात की पाली में चल रहे कार्यों का मेला प्रशासन के अधिकारी औचक निरीक्षण करेंगे। सभी कार्यदायी संस्थाओं को प्रतिदिन शिफ्टवार प्रगति रिपोर्ट और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष को देनी होगी। निर्धारित समयसीमा का पालन न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी व मनजीत सिंह, यूपीडीसीसी के महाप्रबंधक मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह सहित लोनिवि व अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता उपस्थित रहे।

पारदर्शिता के लिए सूचना बोर्ड अनिवार्य
मेलाधिकारी ने सभी कार्यस्थलों पर परियोजना का नाम, लागत, कार्यदायी संस्था, अधिकारियों के फोन नंबर और कार्य पूर्ण होने की तिथि वाले सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कार्यों में पारदर्शिता आएगी और आमजन व जनप्रतिनिधियों को सही जानकारी मिल सकेगी। इन निर्देशों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

थर्ड पार्टी जांच से तय होगी गुणवत्ता
कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नामित ‘थर्ड पार्टी’ जांच एजेंसियों को निर्माण के प्रत्येक चरण में नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए। बैठक में यूआईआईडीबी द्वारा संचालित रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास, हर की पैड़ी पुनर्विकास और एडमिन रोड जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की भी समीक्षा की गई।