न्यूज 127, हरिद्वार
जगजीतपुर स्थित होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर अस्पताल में सिटी-पैट स्कैन मशीन की सुविधा शुरू हो गई है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव विनय शंकर पांडेय ने शुक्रवार को मशीन का शुभारंभ किया। इससे हरिद्वार और आसपास के कैंसर मरीजों को जांच के लिए देहरादून, दिल्ली और अन्य महानगरों जाने की जरूरत कम होगी।
शुभारंभ अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि कैंसर का उपचार मरीजों और परिवारों के लिए मानसिक व आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में अत्याधुनिक जांच सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होना बड़ी राहत है। उन्होंने डा. एसके मिश्रा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे मरीजों के समय और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल, प्रशासन और सरकार के सहयोग को जरूरी बताया।
चिकित्सा सेवा मानवता की बड़ी सेवा : रविंद्रपुरी
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि जरूरतमंदों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना मानवता की बड़ी सेवा है। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हरिद्वार में कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार पर जोर
अस्पताल के डा. एसके मिश्रा ने कहा कि सिटी-पैट स्कैन मशीन शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने हरिद्वार को बेहतर कैंसर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर डा. संतोषानंद देव, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद महाराज, जगदीशलाल पाहवा, प्रमोद शर्मा, सीए आशुतोष पांडेय, डा. संजय शाह, डा. मनीष दत्त, उमेश शर्मा, डा. आरके सिद्धू, सुखप्रीत, हेमा भट्ट, विकास कुमार झा, महेश दुबे और उज्जवल पंडित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


