एचआरडीए की अवैध निर्माण पर कार्रवाई, दो निर्माण सील








Listen to this article

हरिद्वार
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शिकारपुर रोड, लण्ढौरा एवं तहसील रुड़की क्षेत्र में दो निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकारपुर रोड, लण्ढौरा, तहसील रुड़की में मोहब्बत द्वारा भूतल पर लगभग 15×150 फीट क्षेत्रफल में दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, कब्रिस्तान के पास पीरपुरा रोड–पठानपुरा रोड क्षेत्र में मुस्तकीम ठेकेदार द्वारा लगभग 40×80 फीट क्षेत्रफल में टिन शेड डालकर हॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण के अनुसार, दोनों ही निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के कराए जा रहे थे, जो कि नियमों के विरुद्ध है। इस पर संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण ने संबंधित अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किए।
पुलिस बल की मौजूदगी में की गई सीलिंग कार्रवाई
लगातार चेतावनी और निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किए जाने पर एचआरडीए की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए, अन्यथा और कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।