पुलिस लाइन में धूमधाम से मनायी गई गांधी व शास्त्री जयंती, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को बांटे गए कंबल




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन्स मेरठ में भव्य ध्वजारोहण व माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पुलिस लाइन्स में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

जयंती के शुभ अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा सेवा भावना का परिचय देते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन व कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों एवं उपस्थित लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।