किराये के भवन में चल रहे देह व्यापार के धंधे का खुलासा, छह गिरफ्तार




Listen to this article

मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से लाई गई नाबालिग रेस्क्यू

न्यूज 127, देहरादून।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके पर छापा मारकर तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने लाई गई एक नाबालिग युवती को सकुशल रेस्क्यू कराया गया है। मौके से 18 हजार रुपये नकद, दवाइयां और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को नीलकंठ एनक्लेव स्थित मकान में देह व्यापार संचालित होने की सटीक सूचना मिली थी। पटेलनगर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मकान पर छापेमारी की। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने यह मकान किराये पर लिया था। वह दिल्ली और आसपास के इलाकों से महिलाओं को बुलाकर व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को तस्वीरें भेजता था और मांग के अनुसार उन्हें उपलब्ध कराता था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अभिषेक नाबालिग युवती को दिल्ली से मसूरी घुमाने का झांसा देकर देहरादून लाया था। यहां उस पर गलत काम करने का दबाव बनाया गया और इनकार करने पर उसे कमरे में बंद करके रखा गया। पुलिस ने मामले में मनीष कुमार लखेड़ा, अभिषेक, भानू उर्फ सिद्धांत तथा तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।