अवैध हथियारों के जखीरे का भंडाफोड़, अंतर-जनपदीय तस्कर गिरफ्तार








Listen to this article

एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, 8 तमंचे और 10 कारतूस बरामद
पथ प्रवाह, नैनीताल
नैनीताल जनपद में अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में एसओजी और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों के एक बड़े जखीरे का पर्दाफाश करते हुए एक अंतर-जनपदीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम 27 जून 2026 को चोरगलिया क्षेत्र स्थित एमवीआर गेट पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग के पास एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के बैग से भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 30/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रियासत (30 वर्ष), पुत्र रईस अहमद, निवासी ग्राम नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। बरामदगी में दो देशी तमंचे (12 बोर) के साथ छह जिंदा कारतूस तथा छह देशी तमंचे (315 बोर) के साथ चार जिंदा कारतूस शामिल हैं।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हथियारों के स्रोत और उसके सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि यह तस्कर अंतर-जनपदीय स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा हो सकता है।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन (प्रभारी एसओजी), हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भारत भूषण और कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।

पुलिस टीम के सराहनीय कार्य को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने टीम को उत्साहवर्धन हेतु 2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।