MLA Umesh Kumar: विधायक खानपुर उमेश कुमार ने कराया 121 गरीब कन्याओं का विवाह: Video










Listen to this article

नवीन चौहान.
हरिद्वार। जनपद की खानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेश कुमार ने ऋषिकुल मैदान में 121 गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न कराया है। इन कन्याओं में 56 मुस्लिम कन्याए भी है जिनका निकाह ज्वालापुर के सराय में एक मदरसे में संपन्न कराया गया है। जिन कन्याओं का विवाह करायाग गया उन्हें गृहस्थी चलाने के लिए जरूरी सामान भी दिया गया।

विधायक उमेश कुमार ने शादी समारोह में शामिल हुए लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी स्वयं की थी। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए वह कभी किसी से पैसा नहीं लेते और आगे भी नहीं लेंगे। विवाह के दौरान जो कन्यादान उनके पास आ रहा है उसे भी वह गरीब कन्याओं, गरीब बच्चों और विधवाओं के लिए राशन आदि की व्यवस्था में खर्च करते हैं। विधायक ने बताया कि इस आयोजन को विफल करने के लिए काफी प्रयास किये गए लेकिन उन्होने हिम्मत नहीं हारी। सामुहिक विवाह की तीन से शुरुआत की थी आज यह 121 की संख्या हो गई है।

विधायक उमेश कुमार का कहना है कि जिन कन्याओं का आज विवाह सम्पन्न कराया है वह सभी हरिद्वार जनपद की ही हैं। उन्होंने कहा कि इंसानियत के तौर पर एक बार जरूर उन घरों की हालत देखकर आए जिन घरों की कन्याओं की शादी करायी गई। इनके घरों में बारिश का पानी रोकने के लिए छत पर तिरपाल के लिए भी पैसे नहीं है। दिहाड़ी मजदूरी करने वाले इनके माता पिता कहां से दहेज के लिए पैसे जुटाएंगे। गरीब आदमी खुद को गिरवी रखकर बेटी के हाथ पीले करता है और फिर सारी उम्र उस कर्ज को उतारने में बीता देता है। विधायक ने कहा कि हमारा प्रयास है कि ऐसा कोई परिवार न रहे जिसे बेटी के हाथ पीले करने के लिए कज्र लेना पड़े।