महंत राजेंद्र पुरी महाराज बने निरंजनी अखाड़े के सम्मानित महंत




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
श्यामपुर कांगड़ी स्थित राजेंद्र पुरी आश्रम के महंत राजेंद्र पुरी महाराज को निरंजनी अखाड़े का सम्मानित महंत नियुक्त किया गया है। आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित भव्य कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज, निरंजनी अखाड़े के पंच परमेश्वरों और वरिष्ठ संतों की उपस्थिति में पूर्ण विधि-विधान के साथ चादर विधि संपन्न कर उन्हें यह पदवी प्रदान की गई।

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने इस अवसर पर कहा कि योग्य संतों को ही अखाड़े में सम्मानित महंत की पदवी दी जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्वान और सरल स्वभाव के महंत राजेंद्र पुरी महाराज अखाड़े की महान परंपराओं को आगे बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि संतों का जीवन निर्मल जल के समान होता है और महंत राजेंद्र पुरी महाराज सनातन संस्कृति को और अधिक मजबूत करने का कार्य करेंगे।

निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, श्रीमहंत शंकरानंद सरस्वती, महंत दिनेश गिरी और महंत केशव पुरी सहित अन्य संतों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी विद्वता और योग्यता को देखते हुए ही उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है।

पद ग्रहण करने के बाद महंत राजेंद्र पुरी महाराज ने सभी संतों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अखाड़े के पंच परमेश्वरों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे संत परंपराओं के अनुरूप उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे तथा अखाड़े की उन्नति और समाज में धर्म जागरण के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर स्वामी बलवीर गिरी, महंत हरगोविंद पुरी, महंत राकेश गिरी, महंत नरेश गिरी, महंत धनंजय भारती, संत जगजीत सिंह, साध्वी श्रद्धानाथ और महंत राज गिरी सहित विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्मा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।