बदमाशों के काल बने इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह, बहादराबाद पुलिस ने असलहा तस्करी के गिरोह को दबोचा




Listen to this article

तीन अन्य साथी भी गिरफ्तार; पांच पिस्टल, एक तमंचा और सात कारतूस बरामद*

*हरिद्वार।
अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले अपराधियों के खिलाफ बहादराबाद पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरा गिरोह पुलिस के चक्रव्यूह में फंस गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अवैध हथियारों के कारोबार में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे और साथियों की निशानदेही पर पांच अवैध पिस्टल, एक तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और अवैध हथियारों के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने अपनी टीम के साथ अपराधियों की घेराबंदी का जाल बिछाया। 15 नवंबर को पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने पुलिस टीम के साथ मोर्चा संभाला और बौंगला तिराहे के आसपास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को दबोच लिया, लेकिन मुकुल पाल पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो मुकुल गन्ने के खेत में जा घुसा। खुद को घिरता देख उसने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश ने दोबारा गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

एक के बाद एक खुलती गई गिरोह की परतें

पुलिस की पूछताछ और बरामदगी में गिरोह के नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं। मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। भूपेंद्र के पास से .315 बोर का तमंचा मिला। वहीं आरोपी विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने कार्रवाई का सिलसिला यहीं नहीं रोका। 16 नवंबर की रात्रि में बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क पर चोट की।

मेरठ और मुजफ्फरनगर तक जुड़े तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल (25) निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेंद्र (20) निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार (26) निवासी बहादराबाद और प्रशांत कुमार (23) निवासी दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

हथियारों का जखीरा और दो बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक बुलेट मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

आरोपी मुकुल पाल के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं भूपेंद्र, विशाल कुमार और प्रशांत कुमार के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कोतवाली बहादराबाद पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक विकास रावत, हेमदत्त भारद्वाज एवं अजय कुमार, हेड कांस्टेबल राजवर्धन एवं सुधाकर, कांस्टेबल अवनेश राणा, हिमांशु पंत, पंकज बिष्ट, विकास थापा, शाह आलम तथा होमगार्ड अभिषेक चौधरी।

सीआईयू रुड़की टीम: प्रभारी उपनिरीक्षक संजय पुनिया, अपर उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी तथा कांस्टेबल रवींद्र खत्री, महिपाल तोमर एवं आशीष शर्मा।