सनसनी नहीं, जनहित और विश्वसनीयता हो पत्रकारिता की प्राथमिकता : डीएम मयूर दीक्षित




Listen to this article

हरिद्वार
खबर सबसे पहले देने की होड़ में उसकी सत्यता और विश्वसनीयता से समझौता नहीं होना चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना या लोकप्रियता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज तक सही, प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी पहुंचाना होना चाहिए। यह बात जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब सभागार में आयोजित गोष्ठी में कही।

जिला सूचना कार्यालय की ओर से ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सूचनाएं बेहद तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ने भी समाचारों के संकलन, निर्माण और प्रसारण के तरीकों में बदलाव किया है। ऐसे समय में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

उन्होंने कहा कि किसी समाचार की प्राथमिकता उसकी लोकप्रियता, तेजी या सनसनीखेज प्रस्तुति से नहीं, बल्कि उसके जनहित और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव से तय होनी चाहिए। खबर प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि करना पत्रकार की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया और एआई के माध्यम से प्रसारित सूचनाओं एवं तस्वीरों की सत्यता जांचना भी आवश्यक है।

डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में एक गलत या भ्रामक सूचना तेजी से फैलकर समाज में भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती है। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ होने के साथ शासन-प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके मूल सिद्धांत सत्य, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनहित हैं। इन्हें हर परिस्थिति में बनाए रखना जरूरी है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उन्होंने पत्रकारों से पूरी सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

पीत पत्रकारिता और सनसनीखेज खबरों पर जताई चिंता

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, राजकुमार और गुलशन नैयर ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और चुनौतियों पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता के तौर-तरीकों और माध्यमों में भले ही बदलाव आया हो, लेकिन सत्य, निष्पक्षता और जनहित आज भी इसके मूल आधार हैं। उन्होंने पीत पत्रकारिता और सनसनीखेज खबरों के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए कहा कि तथ्यों की पुष्टि के बिना किसी समाचार का प्रकाशन या प्रसारण मीडिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने जिलाधिकारी सहित सभी पत्रकारों और प्रेस प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार श्रवण कुमार झा, बालकृष्ण शास्त्री, दीपक नौटियाल, अश्विनी अरोड़ा, काशीराम सैनी, हिमांशु द्विवेदी, सुदेश आर्य, प्रतिभा वर्मा, कुमकुम शर्मा, नीलम सैनी, संजय रावल और सतीश गुजराल सहित विभिन्न समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों के संपादक और प्रेस प्रतिनिधि मौजूद रहे।