उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को सुबह उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन धर्मनगरी हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पवित्र गंगा जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

सूर्योदय से पहले ही व्रती अपने परिजनों के साथ पारंपरिक पूजन सामग्री से सजे बांस के सूप और डलिया लेकर घाटों पर पहुंचने शुरू हो गए थे। सूप में मौसमी फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाए गए थे। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य देव की लालिमा बिखरी, श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को जल और दूध का अर्घ्य अर्पित किया। इसके पश्चात व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अपना 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत संपन्न (पारण) किया।

इस अवसर पर घाटों पर गूंजते छठी मैया के पारंपरिक लोकगीतों और जयकारों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। घाटों पर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ज्योतिषाचार्य रितेश कुमार तिवारी ने बताया कि ज्योतिष शास्त्र में भगवान सूर्य को आरोग्य, तेज और जीवन शक्ति का प्रत्यक्ष देवता माना गया है, जबकि छठी मैया संतान की रक्षा और परिवार के कल्याण की देवी हैं। यह महापर्व पारिवारिक सुख और प्रकृति के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।