भारत दर्शन से देश की विविधता और विकास को करीब से समझेंगे मेधावी विद्यार्थी










Listen to this article

न्यूज 127, कीर्तिनगर।
देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी विद्यार्थी भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत 16 सितंबर को देश भ्रमण के लिए रवाना होंगे। रविवार को कीर्तिनगर विकासखंड स्थित स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रमण पर जाने वाले विद्यार्थियों से मुलाकात कर यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देता है। कक्षा से बाहर मिलने वाले ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और उपलब्धियों से सीख लेकर अपने अनुभव साथियों से साझा करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। दृढ़ संकल्प और ईमानदार प्रयास से सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण की दिशा में उत्तराखंड सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी और लगातार 10 वर्षों से कार्यक्रम संचालित होने को बड़ी उपलब्धि बताया। विधायक कंडारी ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और कई छात्र अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।