एक ही परिवार के छह लोगों की हत्या से फैली सनसनी




Listen to this article

नवीन चौहान. एक ही परिवार के छह लोगों की हत्या की सूचना से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये। जिस पर हत्या किये जाने का आरोप लगा उसने भी खुद को गोली मार ली। घटना यूपी के सीतापुर जिले की है। पुलिस अधिकारी जांच पड़ताल में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार एक शख्स ने अपनी मां, पत्नी और बच्चों की निर्मम हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। जिस असलहा से गोली मारी गई वह अभी पुलिस को नहीं मिला है। असलहा की पुलिस तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, मथुरा थाना क्षेत्र के पल्हापुर गांव में अनुराग सिंह (45) ने देर रात करीब ढाई बजे सबसे पहले अपनी मां सावित्री (62) को गोली मारी, इसके बाद पत्नी प्रियंका सिंह (40) को गोली मारी। पत्नी के सिर पर हथौड़े से भी वार किया, हथौड़ा मौके पर ही पड़ा मिला है।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने इसके बाद अपनी 12 साल की बेटी, आठ साल और चार साल के दो बेटों को छत से नीचें फेंक दिया। बताया जा रहा है कि उसके बाद अनुराग ने खुद को भी गोली मार ली। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृतक अनुराग सिंह के भाई अजीत सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। उसने बताया कि रात में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वह अपने कमरे से बाहर आया तो खूनी मंजर देखा। इसके बाद अनुराग उसे भी मारने के लिए दौड़ा, लेकिन अजीत सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। अगर वह ऐसा नहीं करता तो अनुराग उसे भी मार देता।

सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी की। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। हत्या के पीछे की वजह भी पुलिस तलाश कर रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *