पथ प्रवाह, अल्मोड़ा
जनपद के विकासखंड लमगड़ा अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, महरगांव में आगामी 31 मई 2026 को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसकी अध्यक्षता उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल के न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी करेंगे।
यह शिविर “सरकार जनता के द्वार” की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है।
जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
शिविर के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशानुसार सभी विभागों के अधिकारियों को शिविर में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहने तथा मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल
शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, पेयजल, शिक्षा, लोक निर्माण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पूर्ति, उद्योग, पर्यटन, श्रम, पंचायत, ग्राम्य विकास एवं युवा कल्याण सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से जहां योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, वहीं पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जनसेवाओं का मिलेगा सीधा लाभ
शिविर में आय, जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का निस्तारण, स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाओं का लाभ, कृषि एवं उद्यान संबंधी परामर्श, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा श्रमिक पंजीकरण जैसी अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।




