पानी का दबाव नहीं झेल पायी मुनक नहर, जेजे कालोनी में घुसा पानी




Listen to this article

न्यूज 127.
दिल्ली को हरियाणा से पानी देने वाली मुनक नहर का एक हिस्सा पानी का दबाव बढ़ने की वजह से टूट गया। जिसके बाद नहर का पानी तट बंध को तोडकर जेजे कालोनी में जा घुसा। कालोनी में नहर का पानी आने से हड़कंप मच गया। यह घटना देर रात करीब एक बजे की बतायी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कालोनी की बिजली बंद कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि जेजे कॉलोनी की तरफ से नहर की दीवार टूटी, जिसकी वजह से नहर का पानी आस-पास की कॉलोनियों में भर गया। पानी इतना ऊपर आया कि घरों में घुस गया। नहर के पास रहने वाले लोगों को रात भर पानी के बीच रहना पड़ा। सुबह एनडीआरएफ की टीम पहुंची और फंसे लोगों को नाव से सुरक्षित जगह पर पहुंचाने का कार्य शुरू किया। स्थानीय सांसद ने भी लोगों से अपील की कि वह अपने आपको सुरक्षित स्थानों पर ले जाए। सरकार उनकी सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

स्थानीय लोगों की मानें तो करीब 15 दिन पहले ही नहर के पास से पानी लीकेज हो रहा था। बारिश होने के बाद नहर में पानी का दबाव बढ़ गया था। पानी का दबाव बढ़ने की वजह से नहर का एक हिस्सा बह गया और पानी कालोनी में जा घुसा। वहीं देर रात से ही नहर के टूटे हुए हिस्से की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है। दावा किया जा रहा है कि आज शाम तक टूटे हुए हिस्से की मरम्मत कर ली जाएगी।