डिश, मोबाइल और ब्रॉडबैंड कंपनियों को चेतावनी, समयसीमा के बाद निगम खुद हटाएगा अनियोजित केबल
न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार शहर की सड़कों और स्ट्रीट पोलों पर बेतरतीब ढंग से लगाए गए वायर और केबल अब नगर निगम के निशाने पर हैं। नगर निगम ने डिश, मोबाइल और ब्रॉडबैंड सेवाएं देने वाली विभिन्न फर्मों और कंपनियों को अपने अनियोजित एवं अनियंत्रित वायर-केबल हटाने के लिए सात दिन का समय दिया है। निर्धारित अवधि में केबल नहीं हटाने पर नगर निगम स्वयं कार्रवाई करते हुए इन्हें हटाएगा।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्ट्रीट पोलों पर कई कंपनियों और सेवा प्रदाताओं द्वारा बिना पूर्व अनुमति के वायर और केबल लगाए गए हैं। इन तारों को व्यवस्थित तरीके से नहीं लगाए जाने के कारण शहर का स्वरूप प्रभावित हो रहा है और हरिद्वार की सुंदरता भी खराब हो रही है।
नगर निगम ने सभी संबंधित फर्मों और कंपनियों के संचालकों को निर्देशित किया है कि सूचना प्रकाशित होने के सात दिवस के भीतर उनके द्वारा लगाए गए सभी प्रकार के अनियोजित एवं अनियंत्रित वायर और केबल स्ट्रीट पोलों से हटा लिए जाएं। निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद किसी तरह की अतिरिक्त मोहलत नहीं दी जाएगी।
सहायक नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि सात दिन की अवधि समाप्त होने के बाद नगर निगम अपने स्तर से स्ट्रीट पोलों पर लगे अनधिकृत और बेतरतीब वायर-केबल हटाने की कार्रवाई करेगा। इस दौरान होने वाली कार्रवाई के लिए संबंधित फर्म या कंपनी के संचालक को ही जिम्मेदार माना जाएगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर में बढ़ते केबल जाल को नियंत्रित करने और सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


