खड़खड़ी में शिक्षिका से चेन लूट, बाइक सवार बदमाश फरार




Listen to this article

स्कूल जाते समय पीछे से आए बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने नाकेबंदी कर शुरू की तलाश

न्यूज 127, हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में मंगलवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने स्कूल जा रही एक शिक्षिका के गले से चेन झपट ली और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन देर तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

जानकारी के अनुसार, शिक्षिका मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए खड़खड़ी क्षेत्र से गुजर रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने मौका पाकर उनके गले से चेन झपटी और तेज गति से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से शिक्षिका घबरा गईं। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर आसपास के मार्गों पर बाइक सवार संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शिक्षिका से चेन झपटने की सूचना मिली है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।