हरिद्वार
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं इको क्लब द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई तथा मानवीय गतिविधियों से पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

पौधारोपण अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने आम सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “प्रकृति से प्रेरित- जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” के अनुरूप किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को भी समर्थन देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
एनएसएस के आदर्श वाक्य “स्वयं से पहले आप” को चरितार्थ करते हुए स्वयंसेवकों ने पर्यावरण सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर “हरियाली की ओर एक कदम” तथा “धरती को बचाने की शपथ” जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का आह्वान किया गया।




