दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस








Listen to this article


पथ प्रवाह, हरिद्वार
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा के नेतृत्व में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बडी संख्या में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में अमलतास, कचनार, आम, नीम, मौलसरी तथा पिलखन के पौधे रोपे। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की सुरक्षा एवं उनके नियमित संरक्षण का संकल्प भी लिया।


इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमारे जीवन का आधार है तथा स्वच्छ वायु, निर्मल जल, हरे-भरे वृक्ष एवं जैव विविधता हमारे अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

वर्तमान समय में जब विश्व अनेक पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब हम सभी का यह दायित्व बनता है कि पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाएं। विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिकों के निर्माण का माध्यम भी है।


डॉ. अनुपम जग्गा ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण अपनाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने तथा पृथ्वी को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित बनाने का संकल्प लिया।