News 127. रुद्रप्रयाग।
चारधाम यात्रा इस समय अपने पूरे चरम की ओर आगे बढ़ रही है। आगामी कुछ दिनों में स्कूलों में छुट्टी होने पर यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होने की संभावना दिखायी दे रही है। ऐसे में यात्रा मार्ग के जनपदों में पुलिस प्रशासन भी व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सजग और सतर्क है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बढ़ती यात्रियों की भीड़ को लेकर पुलिस प्रशासन खास चौकन्ना है। एसपी रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर ने खास बातचीत में बताया कि 22 अप्रैल से केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू हुई। तब से लेकर अब तक यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किये गए हैं। यात्रा मार्ग पर आपदा से निपटने और तत्काल राहत बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ के अलावा एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। फायर टीम भी क्षेत्र में सक्रिय है।
इसके अलावा किसी भी घटना से निपटने के लिए पुलिस फोर्स सजग है। बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं। आगामी दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए डायवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है। अस्थायी पार्किंग स्थल पर चिन्हित किये गए हैं, जहां वाहनों की संख्या बढ़ने पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी।
एसपी निहारिका ने बताया कि पुलिस फोर्स एक्टिव मोड में है। पैदल मार्ग पर भी लगातार गश्त की जा रही है। मेडिकल टीमें भी यात्रियों को जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। एसपी निहारिका तोमर ने चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों से अपील की है कि वह यात्रा पर आते समय अपने स्वास्थ्य पर जरूर ध्यान दें। यात्रा पर आते समय गरम कपड़े और अपनी जरूरी दवाएं जरूर साथ लाएं। उन्होंने बताया कि यात्रा वर्तमान में सुचारू और सुरक्षित रूप से संचालित हो रही है।




