News 127. रुद्रप्रयाग।
प्रदेश में चल रही चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए शासन और प्रशासन पूरी तरह जुटा हुआ है। स्थानीय पुलिस प्रशासन न केवल यात्रियों को सुरक्षा उपलब्ध करा रही है बल्कि उन्हें जाम मुक्त यात्रा के लिए सुगम यातायात व्यवस्था भी दे रही है। इसी क्रम में गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने चारधाम यात्रा को लेकर खास बातचीत में ये जानकारी दी।
आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा में इस बार यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। कुछ जगह बरसात की वजह से दिक्कतें आयी हैं लेकिन संबंधित विभाग से समन्वय किया गया है, एक दो दिन में वहां भी यातायात पूरी तरह सुगम हो जाएगा। ऋषिकेश में तपोवन के पास जो जाम लगता था उसे भी वनवे व्यवस्था लागू कर दूर कर लिया गया है। इसके लिए तीन जनपदों के पुलिस अधिकारियों ने आपस में समन्वय बनाया है। आईजी ने बताया कि इस बाद देहरादून दिल्ली एक्सप्रेसवे के खुलने से यात्रियों की संख्या में 10 प्रतिशत से अधिक इजाफा देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश हैं कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पुलिस प्रशासन चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
प्रदेश में चल रहे आपरेशन प्रहार को लेकर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश पुलिस को लगातार सफलता मिली है। गढ़वाल रेंज में भी अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का कार्य किया गया है। अवैध असलहा रखने वालों और संबंधित अपराधियों के खिलाफ भी बड़े पैमाने में पर कार्रवाई की गई है। बीती रात भी आपरेशन प्रहार के तहत की जा रही चेकिंग के दौरान डेढ़ करोड़ की धनराशि पकड़ी गई है। इस आपरेशन के चलने से अपराधियों में भय का माहौल है, हरिद्वार जनपद में भी इस अभियान के तहत 214 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। यह अभियान एक महीने के लिए शुरू किया गया था, लेकिन अब इसे और आगे बढ़ाने की तैयारी चल रही है।
चारधाम यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी, सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए उत्तराखंड पुलिस मुस्तैद: आईजी राजीव स्वरूप




