नवीन चौहान
उत्तराखंड सरकार में केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पूरे देश में मोदी लहर है। देशवासियों ने मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। जिसके चलते पूरे देश में भाजपा के प्रत्याशियों को भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा हाईकमान ने उन्हें बतौर स्टार प्रचारक कई राज्यों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने की जिम्मेदारी दी है। वह भाजपा के लिए आसाम, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, बिहार, यूपी, झारखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, लक्ष्य द्वीप, राजस्थान, अंडमान निकोवार में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। वही उन्होंने उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा की जीत होने का दावा किया।
ऋषिकुल मैदान पर आयोजित धार्मिक सम्मेलन के एक कक्ष में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सतपाल महाराज ने बताया कि वह लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक के तौर पर मेरठ, बागपत, नोयडा, बाराबंकी, महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार कर उत्तराखंड लौटे है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान पाया कि पूरे देश में मोदी लहर दिखाई पड़ रही है। जनता बहुत ज्यादा मोदी के पक्ष में है। आतंकवाद से पीडि़त जनता चाहती है कि एक मजबूत प्रधानमंत्री बने। काफी लोगों से बातचीत की तो 2014 से भी ज्यादा लहर दिखाई पड़ी। उन्होंने कहा कि छोटे मुददों से ऊपर उठकर मोदी जी के पक्ष में जनता का झुकाव है। सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के पलायन के मुद्दे को गंभीर समस्या बताया। पहाड़ों में घरों को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य करने की योजना है। पलायन रोकने के लिए पूरी सरकार को संजीदगी से कदम उठाने पड़ेंगे।