न्यूज 127.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में एक महिला चलती कार के बोनट पर लटकी दिखाई दे रही है, जबकि कार चालक तेजी से वाहन दौड़ाता नजर आ रहा है। जांच में सामने आया कि मामला पति, पत्नी और प्रेमिका के बीच विवाद का है।
जानकारी के अनुसार मामला यूपी के भमोरा का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चे के साथ देवचरा चौराहे पर खड़ी थी। इसी दौरान उसका पति कार में अपनी कथित प्रेमिका को बैठाकर वहां से गुजर रहा था। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। वह शोर मचाते हुए कार के पीछे दौड़ने लगी। उसने कार रुकवाने का प्रयास किया लेकिन उसका पति सामने पत्नी को देखकर नहीं रूका। स्थानीय लोगों के अनुसार फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर आने पर कार की गति धीमी हुई तो महिला सीधे कार के बोनट पर चढ़ गई। आरोप है कि इसके बावजूद पति ने कार नहीं रोकी और बोनट पर लटकी पत्नी को लेकर ही वाहन दौड़ा दिया। सड़क पर यह खतरनाक नजारा देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। चलती कार पर महिला को लटका देख कुछ युवकों ने बाइक से कार का पीछा शुरू कर दिया। करीब 200 मीटर आगे देवचरा-बल्लिया रोड पर कार को घेरकर रुकवा लिया। इसके बाद लोगों ने चालक को कार से बाहर निकाल लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार हंगामे के दौरान पति किसी तरह अपनी प्रेमिका के साथ वहां से फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पति को प्रेमिका के साथ कार में देख पत्नी का फूटा गुस्सा, चलती कार के बोनट पर लटकी




