पथ प्रवाह, नैनीताल
कर्तव्य पालन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में फायरमैन जगजीत सिंह का आकस्मिक निधन हो गया, जिससे पूरे उत्तराखंड पुलिस एवं अग्निशमन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि 22 जून 2026 की रात्रि में ड्यूटी के दौरान वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

जगजीत सिंह वर्तमान में जनपद नैनीताल के फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात थे और अपने कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित सेवाभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मोर्चरी पहुंचे और दिवंगत फायरमैन के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने तत्काल सहायता राशि प्रदान करते हुए परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। एसएसपी समेत समस्त पुलिस एवं फायर सेवा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
19 वर्षों का समर्पित सेवाकाल
जगजीत सिंह ने लगभग 19 वर्षों तक अग्निशमन विभाग में अपनी सेवाएं दीं। उनका जन्म 15 मई 1988 को हुआ था और 14 दिसंबर 2007 को वे सेवा में भर्ती हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जैसे जनपदों में सेवाएं दीं। वर्ष 2024 से वे पुनः नैनीताल में तैनात थे और मल्लीताल फायर स्टेशन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे।
वे मूल रूप से जनपद ऊधमसिंह नगर के ग्राम बाजावाला, थाना बाजपुर, पोस्ट केलाखेड़ा के निवासी थे। अपने सरल स्वभाव, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के कारण वे साथियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
दिवंगत फायरमैन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक क्षेत्र बाजपुर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि जगजीत सिंह की सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा और उनके परिवार की हरसंभव सहायता की जाएगी। उनके असामयिक निधन से विभाग ने एक जांबाज और समर्पित कर्मी को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।




