नवीन चौहान.
एक युवक ने अपनी पत्नी के वियोग में सुसाइड कर लिया। उसकी जेब से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक पिटकुल में संविदा पर चालक था।
जानकारी के मुताबिक उसकी जेब से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा कि स्वाति मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। मैं तुमसे अलग नहीं रह सकता। अब मैं भी जा रहा हूं, मेरे जाने के बाद टुक्कू को डांटना मत।’
बाजार चौकी प्रभारी विवेक राठी के मुताबिक शांति विहार में एक युवक की आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो एक युवक फंदे पर लटक रहा था। उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक की पहचान मनीष चौधरी निवासी कांवली के रूप में हुई है। वह शांति विहार में अपने साले के साथ किराये के मकान में रहता था। मनीष वर्ष 2015 से पिटकुल में संविदा पर ड्राइवर था। मनीष की शादी स्वाति से 2018 में हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते स्वाति करीब एक साल से मायके में रह रही थी।
दोनों की दो साल की बेटी है जिसका नाम टुक्कू है। पत्नी के मायके जाने के बाद से वह काफी परेशान था। सुसाइड नोट में मनीष ने यह भी लिखा कि उसकी पत्नी को कोई दोष नहीं दिया जाए। इसमें उसकी कोई गलती नहीं है।