पथ प्रवाह, हल्द्वानी/नैनीताल।
पश्चिम एशिया में जारी वैश्विक संकट के कारण ईंधन, खाद्य सामग्री और उर्वरकों की आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के बीच नैनीताल पुलिस ने राष्ट्रहित में एक प्रेरणादायक पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मितव्ययता और ईंधन संरक्षण के आह्वान तथा प्रदेश सरकार की अपील को धरातल पर उतारते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सादगी और जिम्मेदारी का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

पैदल चलकर दिया मजबूत संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. अपने आवास से हल्द्वानी स्थित कार्यालय तक पैदल पहुंचे। उनका यह कदम केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि एक सशक्त संदेश है कि ऊर्जा संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस पहल ने पुलिस विभाग के साथ-साथ आम जनता के बीच भी सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया है।
अधीनस्थों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालय आने-जाने में कार-पूलिंग को अपनाएं और निजी वाहनों के उपयोग को न्यूनतम करें। साथ ही, सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया, जिससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिले।
जनता से सहयोग की अपील
एसएसपी नैनीताल ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने, पेट्रोल-डीजल वाहनों का अनावश्यक उपयोग कम करने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने का आग्रह किया।
प्रेरणादायक पहल बनी मिसाल
नैनीताल पुलिस की यह पहल न केवल प्रशासनिक स्तर पर अनुकरणीय है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी सशक्त माध्यम बन रही है। यह संदेश स्पष्ट है कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।




