तीरथ सिंह होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री, जल्द लेंगे शपथ




नवीन चौहान
उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गई है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री अब तीरथ सिंह रावत होंगे। देहरादून में विधायक दल की बैठक में सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में​ त्रिवेंद्र सिंह रावत और डा रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद रहे। नए मुख्यमंत्री का चयन होने पर सभी ने बधाई दी।
​तीर​थ सिंह रावत को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब वह राज्यपाल के पास जाएंगे और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की पेशकश करेंगे। बताया जा रहा है कि तीरथ सिंह रावत के नाम को केंद्रीय नेतृत्व ने बैठक के बीच में ही फोन कर प्रदेश के पर्यवेक्षक रमन सिंह को बता दिया, जिसके बाद विधायक दल की बैठक में भी इस पर मुहर लगा दी गई।

तीरथ सिंह रावत वर्तमान में पौडी से सांसद है। निर्वतमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बैठक के बाद मीडिया को बताया कि यह सर्व सम्मति से लिया गया फैसला है, वह स्वयं उनके प्रस्तावक बने हैं। तीरथ सिंह रावत संघ के कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं।

तीरथ सिंह रावत भारतीय भारतीय जनता पार्टी से राजनीतिज्ञ है। वह फरवरी 2013 से दिसंबर 2015 तक उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे और चौबट्टाखाल से भूतपूर्व विधायक (2012-2017) है, वर्तमान में तीरथ सिंह रावत भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के साथ साथ गढ़वाल लोकसभा से सांसद भी हैं। पौड़ी सीट से भाजपा के उम्मीदवार के अतिरिक्त 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया था। उनका जन्म सीरों, पट्टी असवालस्यूं पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखण्ड में हुआ था। उनके पिता श्री कलम सिंह रावत थे।

वर्ष 2000 में नवगठित उत्तराखण्ड के प्रथम शिक्षा मंत्री चुने गए थे। इसके बाद 2007 में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड के प्रदेश महामंत्री चुने गए तत्पश्चात प्रदेश चुनाव अधिकारी तथा प्रदेश सदस्यता प्रमुख रहे। 2013 उत्तराखण्ड दैवीय आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के अध्यक्ष रहे, वर्ष 2012 में चौबटाखाल विधान सभा से विधायक निर्वाचित हुए और वर्ष 2013 में उत्तराखण्ड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने।

इससे पूर्व वर्ष 1983 से 1988 तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (उत्तराखण्ड) के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री रहे, हेमवती नंदन गढ़वाल विश्व विधालय में छात्र संघ अध्यक्ष और छात्र संघ मोर्चा (उत्तर प्रदेश) में प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे। इसके बाद 1997 में उत्तर प्रदेश विधान परिषद् के सदस्य निर्वाचित हुए तथा विधान परिषद् में विनिश्चय संकलन समिति के अध्यक्ष बनाये गए।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *