नौकरी का झांसा देकर युवक के साथ ठगी, युवक ने किया सुसाइड








Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
मेरठ जनपद के मवाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी होने से परेशान होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मवाना खुर्द निवासी मनमोहन के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि कुणाल नाम के व्यक्ति ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर मनमोहन से करीब 6 लाख रुपये लिए थे। पैसे लेने के बावजूद न तो नौकरी लगवाई गई और न ही पैसे वापस किए गए। इसी बात को लेकर मनमोहन लंबे समय से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया था। वीडियो में युवक ने आपबीती बताते हुए आत्महत्या की वजह बताई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को मवाना थाने के बाहर रखकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी कुणाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।