न्यूज 127, मेरठ।
मेरठ साइबर सेल और थाना नौचंदी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए फर्जी स्पा/मसाज होम सर्विस व टूर एंड ट्रैवल कंपनी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में करीमनगर (थाना नौचंदी) का रहने वाला यूनुस पुत्र इस्लाम और एक युवती लिजा निवासी लोहियानगर शामिल है।
पुलिस ने इनके पास से ₹4,16,000 नगद, एक मारुति बलेनो कार, लैपटॉप, 8 मोबाइल, 7 आधार कार्ड, पासपोर्ट और फर्जी कंपनियों के लेटर हेड बरामद किए हैं। पूछताछ में मुख्य आरोपी यूनुस ने कुबूल किया कि वह पिछले एक वर्ष से अपनी पहचान छुपाकर शास्त्रीनगर निवासी ‘अभिराज’ नाम के फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस को उसने बताया कि वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी स्पा और मसाज होम सर्विस के विज्ञापन डालता था। ग्राहक संपर्क करते तो उनसे क्यूआर कोड के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करा लिए जाते थे। फर्जी विज्ञापन देकर लोगों को तीर्थ यात्रा और हज के नाम पर झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस इनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी करने में जुटी है।




