न्यूज 127, हरिद्वार।
आगामी महाकुंभ के शंखनाद से पहले अखाड़ों के भीतर चल रही गुटबाजी और आंतरिक मतभेदों को खत्म करने की कवायद तेज हो गई है। सभी 13 अखाड़ों को एक मंच पर लाने के बाद अब अखाड़ा परिषद ने अखाड़ों के आपसी विवादों को संवाद के माध्यम से सुलझाने का बीड़ा उठाया है। नया अखाड़ा, बड़ा अखाड़ा और निर्मल अखाड़े में चल रही खींचतान को समाप्त करने की जिम्मेदारी अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज और राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने संभाल ली है।
सोमवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित मिश्री मठ में श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज का महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने शॉल ओढ़ाकर और रुद्राक्ष की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान दोनों संतों ने अखाड़ों के आंतरिक विवादों और कुंभ की तैयारियों पर गहन चर्चा की। श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि कुंभ जैसे महान धार्मिक आयोजन से पहले संत समाज का एकजुट होना बेहद जरूरी है। अखाड़ा परिषद सभी पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति से विवादों का समाधान निकालेगी ताकि संत समाज एकजुट होकर दिव्य और भव्य कुंभ में अपनी भूमिका निभा सके।
महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि संत समाज की एकता और अखाड़ों की गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के सामने अखाड़ों का आपसी विवाद ठीक नहीं है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिस तरह सभी 13 अखाड़े एकजुट हुए हैं, उसी तरह आपसी बातचीत से आंतरिक मतभेद भी दूर कर लिए जाएंगे।
इस पहल से मेला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। इस अवसर पर महंत ऋषिश्वरानंद, महंत शंकरानंद महाराज, डॉ. उमेश सचान और अनिरुद्ध भाटी सहित कई गणमान्य संत एवं लोग मौजूद रहे।


