मां नंदा-सुनंदा के डोले की भव्य शोभायात्रा: जयकारों के बीच दी गई भावपूर्ण विदाई




Listen to this article

न्यूज 127, अल्मोड़ा।
ऐतिहासिक नंदा देवी मेले के समापन अवसर पर बुधवार को मां नंदा-सुनंदा के डोले की भव्य शोभायात्रा धूमधाम व पूरे विधि-विधान के साथ निकाली गई। मां भगवती को विदाई देने के लिए नगरवासियों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही समूचा अल्मोड़ा नगर भक्ति के रंग में सरोबार रहा।

दोपहर एक बजे चंद वंशज युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह द्वारा प्रतिमाओं का विदाई पूजन किया गया। इसके बाद शाम करीब साढ़े चार बजे शंखध्वनि और श्रद्धालुओं के गगनभेदी जयकारों के बीच मंदिर प्रांगण से डोला रवाना हुआ। शोभायात्रा बंसल गली, शिखर तिराहा, माल रोड, कचहरी बाजार, थाना बाजार, पलटन बाजार और सिद्धनौला से होते हुए दुगालखोला स्थित भगवती मंदिर (मां का मायका) पहुंची। रास्ते भर छतों और बालकनियों से महिलाओं व श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर मां को भावभीनी विदाई दी। देर शाम दुगालखोला नौले में विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

प्रमुख गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर चंद राजवंश के युवराज नरेंद्र चंद्र सिंह, युवरानी कामाक्षी सिंह, कुंवर सोमेश्वर चंद, नंदा देवी मंदिर के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज संनवाल, कुलपुरोहित नागेश पंत, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, बिट्टू कर्नाटक सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल मुस्तैद रहा।