न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
थाना नौचन्दी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी चोरी की घटना का मात्र 04 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए 8,82,500/- रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान बरामद किया है।
घटना का खुलासा करते हुए SSP मेरठ ने बताया कि वादी आशु पुत्र विष्णुदत्त निवासी शास्त्रीनगर द्वारा दिनांक 15 नवंबर 2026 को थाना नौचन्दी पर लिखित तहरीर दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर का ताला खोलकर अलमारी में रखे लगभग 10 लाख 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत मु0अ0सं0 344/2026 धारा 305(a)/331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर टीमों का गठन किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेश और पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में थाना नौचन्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दबिश देकर अभियुक्त समर पुत्र आशु शर्मा को उसके घर से तथा अन्य तीन अभियुक्तों- रोहित उर्फ गबरू, ओम सरीन और अंकित को गांधी आश्रम से हंस चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित बाग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- समर पुत्र आशु शर्मा, निवासी शास्त्रीनगर, थाना नौचन्दी, मेरठ।
- रोहित उर्फ गबरू पुत्र सूर्यप्रकाश, निवासी शास्त्रीनगर, थाना लोहियानगर, मेरठ।
- ओम सरीन पुत्र राहुल सरीन, निवासी शास्त्रीनगर, थाना लोहियानगर, मेरठ।
- अंकित पुत्र ओमप्रकाश, निवासी शास्त्रीनगर, थाना लोहियानगर, मेरठ।
मुख्य बरामदगी:
- 8,82,500/- रुपये नकद
- 3 गले के हार (पीली धातु), कान के कुंडल एवं डोरी सहित
- कई जोड़ी पायल, बिछुए, अंगूठियां, चेन, चूड़ियां, नथ, झुमके और टॉप्स (सोने व चांदी के)
- अन्य कीमती सामान और आभूषण
अभियुक्त ओम सरीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ थाना नौचन्दी में पहले से एक अन्य मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस सराहनीय खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अरुण भाटी, व0उ0नि0 छैल बिहारी शर्मा समेत अन्य थाना स्टाफ शामिल रहे।


