उत्तराखंड में 29 हजार नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित, युवाओं को मिला रोजगार




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनके माध्यम से 1.27 लाख से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को होटल ताज मसूरी, देहरादून में EEPC India के 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के निवेश प्रस्तावों का सकारात्मक असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि स्टार्टअप नीति के तहत 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है। ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में लगभग एक हजार एकड़ भूमि पर 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने और लगभग 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए भूमि चिह्नित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्टरी विकसित की जा रही है तथा भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि उद्योगों के अनुकूल वातावरण बनाने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को प्राथमिकता दी गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 विभागों की 206 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पिछले तीन वर्षों में इस पोर्टल के माध्यम से करीब सात हजार परियोजनाओं को 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक के पूंजी निवेश के लिए स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए बाधा नहीं, बल्कि सहयोगी और सहभागी बनकर काम कर रही है। निवेश करने वाले उद्यमियों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।