“हरेला का त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ” – मुख्यमंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर दिए पर्यावरण सुरक्षा के संदेश




Listen to this article


न्यूज127
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर में राज्यव्यापी पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। “धरती माँ का ऋण चुकाओ” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा रोप कर प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर कहा— > “हरेला केवल एक पर्व नहीं, यह हमारी संस्कृति, प्रकृति और चेतना का उत्सव है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि धरती माँ की सेवा ही सच्चा धर्म है।
” 5 लाख पौधारोपण का लक्ष्य, 50% होंगे फलदार वृक्ष
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि इस बार हरेला पर्व पर लगभग 5 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य है, जिनमें से 50% पौधे फलदार होंगे। उन्होंने इस महाअभियान में जनसहभागिता, छात्र-छात्राएं, महिला समूहों और पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
“पेड़ बनना ही पौधारोपण की सफलता”
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने पौधों की नियमित देखभाल का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक पौधे वृक्ष न बन जाएं, तब तक उसकी सेवा ही सच्चा पौधारोपण है।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर राज्य सरकार की ठोस पहलें
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियानों ‘पंचामृत संकल्प’, ‘नेट ज़ीरो इमिशन’, ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में इस वर्ष 108 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। उत्तराखंड सरकार भी इसी दिशा में कार्य कर रही है।
जल संरक्षण हेतु SARRA का गठन
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बताया कि राज्य में जल स्रोतों के संरक्षण हेतु SARRA (स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी) का गठन किया गया है। इसके माध्यम से अब तक 6,500 से अधिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन और 3.12 मिलियन क्यूबिक मीटर वर्षा जल का संचयन किया गया है।
प्लास्टिक पर सख्ती और कूड़ेदान अनिवार्यता
सीएम पुष्कर धामी ने यह भी बताया कि राज्य में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और अब हर वाहन में कूड़ेदान अनिवार्य कर दिया गया है।
“हरेला हमारी विरासत का दर्पण” – कृषि मंत्री गणेश जोशी
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हरेला न केवल एक पर्व, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का प्रतीक है। सुबोध उनियाल ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश के 2,389 स्थानों पर हरेला पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में लगाए गए पौधों का सर्वाइवल रेट 80% से अधिक रहा है।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।