लक्सर कोर्ट में पेशी पर ले जाए जा रहे हिस्ट्री शीटर पर फायरिंग, पुलिस कर्मी समेत तीन घायल




Listen to this article

न्यूज 127.
जनपद हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आयी है। यहां रुड़की ​उप कारागार से लक्सर कोर्ट में पेशी पर ले जाए जा रहे अभियुक्त पर दिनदहाड़े हमला हो गया। लक्सर फ्लाईओवर पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस अभिरक्षा में चल रहे वाहन पर अचानक फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि सुरक्षा में तैनात दो पुलिस कांस्टेबल भी जख्मी हो गए।

जानकारी के अनुसार हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी को स्पेशल वन से पुलिस टीम ने रुड़की जेल से लक्सर न्यायालय में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान लक्सर फ्लाईओवर के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने बाइक से पहुंचकर पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में घायल विनय त्यागी और दोनों पुलिस कांस्टेबलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में कड़ी नाकेबंदी कर दी गई। आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसएसपी हरिद्वार ने मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद लक्सर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।