न्यूज 127. हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दिल्ली प्रस्थान से पूर्व उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में पावन गंगाजल का कलश भेंट किया और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह आत्मीय भेंट गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के दयानंद स्टेडियम स्थित हेलिपैड पर सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आशीर्वाद लिया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि अमित शाह का सान्निध्य सदैव नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक संकल्प से परिपूर्ण रहता है। उनका मार्गदर्शन उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के साथ-साथ राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटट, पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, नगर विधायक मदन कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, तमाम राज्यमंत्री व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



