बहनों पर टिप्पणी करने पर दोस्त ने ही की थी कुनाल की हत्या








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
कनखल थाना क्षेत्र के श्रीयंत्र पुलिया के समीप झाड़ियों में मिले कुनाल के शव प्रकरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के दोस्त को उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि बहनों पर अभद्र टिप्पणी से नाराज आरोपित ने पत्थर से कूचलकर दोस्त को मौत के घाट उतारा था।

मामले का कनखल थाने में खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि 7 फरवरी को श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात किशोर का लहूलुहान शव पड़ा मिला था। मृतक की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में हुई थी। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

एसएसपी ने मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया। गठित पुलिस टीमों ने कड़ी मशक्कत करते हुए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जिसमे पुलिस टीम को सीसीटीवी में मृतक कुनाल शराब के ठेके पर शराब खरीदते हुए एक संदिग्ध स्कूटी पर किसी व्यक्ति के साथ जाता हुआ दिखा। स्कूटी सवार की जांच पड़ताल करने पर स्कूटी सवार की पहचान हुई, जो घटना के बाद से मथुरा फरार हो गया था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ करने पर आरोपित ने बताया कि वह कुछ महीनों से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था। वह और कुनाल (मृतक) दोस्त थे और पड़ोस में ही रहते थे। 06 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल ने आरोपित की बहनों पर गंदे लांछन लगाने लगा और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने आरोपित को थप्पड़ मारे, जिसके बाद गुस्से में आकर अरविन्द ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित के पास से मृतक का मोबाईल फोन भी बरामद कर लिया है।