डीएवी सेन्टेनरी पब्लिक स्कूल में बोर्ड परीक्षा देने वाले स्टूडेंटस के लिए आयोजित हुआ आशीर्वाद समारोह








Listen to this article

न्यूज 127.
डीएवी सेन्टेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर हरिद्वार में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। प्रातः बेला में स्कूल परिसर में वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यज्ञ द्वारा निराकार परमात्मा से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल एवं उपस्थित सभी अध्यापकों ने बच्चों पर आशीर्वाद स्वरूप पुष्प वर्षा की।

प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने बताया कि विद्यालय में प्रतिवर्ष बोर्ड परीक्षा देने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए वैदिक परम्परा अनुसार आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया जाता है। प्रत्येक विद्यार्थी अपने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर सफलता प्राप्त करे, उसके लिए ईश्वर से प्रार्थना कर आशीर्वाद लिया जाता है।

प्रसाद वितरण के पश्चात् विद्यार्थियों को सीबीएसई के निर्देशानुसार परीक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। उन्हें ओएमआर शीट को सही प्रकार से भरने का अभ्यास करवाया गया।

तत्पश्चात् प्रवेश पत्र में दी गई जानकारी जांच कर, अभिभावकों एवं बच्चों के हस्ताक्षर लेकर, विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र सौंपे गए। विद्यालय में बच्चों की स्मृतियों को संजोकर रखने के उद्देश्य से कक्षानुसार बच्चों एवं उनके अध्यापकों के ग्रुप फोटोग्राफ खींचे गए।