फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली, दो तमंचे और स्कूटी बरामद
देहरादून।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तिब्बती मार्केट के सामने हुए चर्चित हत्याकांड के शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर से देहात तक नाकेबंदी, तड़के मिली सफलता
हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में शहर से लेकर देहात तक सघन चेकिंग और नाकेबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में तड़के सुबह पुलिस को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी सफलता हाथ लगी।
रायपुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़
नाकेबंदी के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन चिकित्सालय ले जाया गया।
लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में दूसरा एनकाउंटर
वहीं दूसरी कार्रवाई में लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार बदमाश को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह वापस मुड़कर खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दो तमंचे और स्कूटी बरामद
पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
हत्याकांड में संलिप्तता कबूली
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दोनों से गहन पूछताछ जारी है और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
दून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है, वहीं शहर में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती स्पष्ट नजर आ रही है।
पुलिस मुठभेड़: हत्याकांड के शूटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार







