हरिद्वार।
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर पथरी थाना पुलिस ने धार्मिक आस्था और सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए फेरूपुर चौकी परिसर में कन्या पूजन कर माँ दुर्गा का आशीर्वाद लिया। विधि-विधान के साथ कन्याओं का पूजन किया गया, उनके चरण पखारे गए और उन्हें भोजन व उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने समाज में बेटियों के सम्मान और धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
फेरूपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति और श्रद्धा का प्रतीक है। कन्या पूजन के माध्यम से माँ दुर्गा की आराधना की गई है और समाज में बेटियों के सम्मान का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के साथ जुड़कर ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाती है।
थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर कन्या पूजन कर माँ दुर्गा से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई है। पुलिस हमेशा समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के लिए कार्य करती है और आगे भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से जनता के साथ जुड़ाव मजबूत किया जाएगा।
इस दौरान फेरूपुर चौकी के सभी पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे और पूरे श्रद्धा भाव के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के अंत में कन्याओं को प्रसाद वितरित कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
पथरी पुलिस ने किया कन्या पूजन, माँ दुर्गा का आशीर्वाद लेकर दिया सामाजिक संदेश




